पीडीडीयू नगर। रेलवे के पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर स्थित आरक्षण कार्यालय में आदेशपाल के रूप में नियुक्त महिला कर्मचारी का वेतन उसके जूनियर से कम है। इंक्रीमेंट बढ़ाने के लिए उसने कई बार सीनियर डीपीओ के यहां आवेदन दिया लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
आरक्षण कार्यालय में आदेशपाल के रूप में नियुक्त रीता मिश्र ने 26 अगस्त को सीनियर डीपीओ को पत्र भेजकर कहा कि वह दो जनवरी, 2004 से कार्यरत हैं और उनका मूल वेतन 27600 रुपये है। इसी स्टेशन पर सुनीता देवी भी आदेशपाल के पद पर 14 सितंबर, 2005 से कार्यरत हैं और उसका मूल वेतन 28400 रुपये है। सहकर्मी से सीनियर होने के बाद भी प्रतिमाह उसे आठ सौ रुपये कम वेतन मिल रहा है। लगभग एक वर्ष पहले भी उसने आवेदन किया था लेकिन उनका एक इंक्रीमेट कम लगा है और इसी वजह से वेतन कम है। बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से अपने इंक्रीमेंट को पाने के लिए डीआरएम आफिस का चक्कर लगा रही है लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इस तरह का मामला सामने आता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।