स्थानीय गौतम नगर में रविवार की रात चोर रणजीत गुप्ता के आवास में ताला
तोड़कर घुसे और करीब तीन लाख के आभूषण व 23 हजार रुपये नकदी समेत अन्य
कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
उस वक्त घर में कोई नहीं था।
सोमवार की सुबह परिवार वालों के घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना के बाद
भी पुलिस घंटों विलंब से पहुंची। जिससे लोगों में नाराजगी रही।
बबुरी
क्षेत्र के धनेजा गांव के मूल निवासी रणजीत गुप्ता का वार्ड नंबर 10, गौतम
नगर में मकान है। रविवार को रणजीत अपनी पत्नी ऊषा व परिवार के अन्य सदस्यों
के साथ अपनी ससुराल नई बाजार गए हुए थे। रात को मौका देखकर चोर मुख्य गेट
के ऊपर से घर में प्रवेश कर गए।
इसके बाद कमरों में रखी आलमारी, बाक्स,
अटैची आदि को खंगाल डाला। सोमवार की सुबह जब रणजीत परिवार समेत घर लौटे तो
देखा कि कमरे खुले हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
शोरगुल सुनकर आसपास
के लोग वहां जुट गए। पीड़ित रणजीत ने बताया कि चोरी गए सामानों में सोने
की दो चेन, दो मंगलसूत्र, एक हार, सोने की दस अंगूठी, एक झूमका, कान की
बाली (करीब तीन लाख रुपये) व 23 हजार रुपये नकदी समेत कीमती कपड़े शामिल
हैं।
इसके अलावा चोर सिलाई मशीन, सिलिंडर व घर में रखे अन्य कीमती सामान भी
ले गए। लोगों ने घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। भुक्तभोगी ने
तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी है।