नौगढ़। क्षेत्र के जयमोहनी भूर्तिया गांव में 15 वर्षीय किशोरी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया और गांव को सील कर दिया। गांव में दो सौ महिला पुरुषों का सैंपल किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल ने बताया कि जयमोहनी भूर्तिया गांव में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव को सील किया गया है। यही नहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आए 200 लोगों का सैंपल लिया गया। इसमें से 41 व्यक्तियों के संदिग्ध होने पर जांच के लिए बीएचयू लैब भेजा गया है। इसके पूर्व लोक निर्माण विभाग एवं ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश उर्फ पप्पू दुबे ने पूरे गांव में बैरिकेडिंग करा दी और बाहरी लोगों के आने पर रोक लगा दी। सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रेमचंद ने बताया कि गांव में बस्ती और गलियों को सैनिटाइज कराया जा रहा है और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा।