सैयदराजा-जमानियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की रात आठ बजे औरैया गांव के समीप बालू लदे दो ट्रक अगल-बगल गड्ढे में फंस गए।
इसी
बीच रामपुर पुलिस चौकी के पास बालू लदे एक ट्रक का गुल्ला टूट गया और बगल
से निकल रहे गिट्टी लदे दूसरे ट्रक का भी गुल्ला टूट गया।
इस तरह चारों
ट्रकों के मार्ग पर फंसने के चलते अमड़ा से लेकर सैयदराजा तक दस किलोमीटर
लंबा वाहनों का जाम लग गया। जाम के चलते लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना
करना पड़ा। करीब 20 घंटे बाद ट्रकों के गड्ढों से निकलने और ट्रकों की
मरम्मत के बाद जाम समाप्त हुआ और रविवार की शाम चार बजे आवागमन शुरू हो
सका।
बिहार के डेहरी आनसोन से बालू लादकर जमानियां की ओर जा रहा एक
ट्रक औरैया गांव के समीप गड्ढे में फंस गया। बालू लदे दूसरे ट्रक चालक ने
भी बगल से निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह भी गड्ढे में जाकर फंस गया। इसी
बीच रामपुर चौकी के पास बालू लादकर जा रहे ट्रक का गुल्ला टूट गया।
इसके
बाद बगल से गिट्टी लदे ट्रक के चालक ने निकलने का प्रयास किया, लेकिन इस
दौरान ट्रक का मुख्य बीम टूट गया। चारों ट्रकों के मार्ग पर फंसने के चलते
मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
जिससे अमड़ा से लेकर सैयदराजा तक करीब दस
किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। रात में आठ बजे से लगा जाम करीब 20
घंटे बाद चार बजे शाम को खत्म हुआ। जब सभी ट्रकों को सड़क से हटाया गया।
इससे राहगीरों ने राहत की सांस ली। जाम के चलते आवागमन करने वालों व ट्रक
चालकों व बड़े वाहनों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कुछ चालक तो
जाम से बचने के लिए अमड़ा से सकलडीहा मार्ग से घूमकर निकल गए।