पीडीडीयू नगर। दुलहीपुर के बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान पर खेले जा रहे पूर्वांचल स्पोर्ट्स जूनियर इंटर एकेडमी क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बीएलडब्लू वाराणसी ने एएस स्पोर्ट्स वाराणसी को 99 रनों से हरा दिया। इस तरह टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए बीएल डब्लू एकेडमी ने 30 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए। टीम की ओर से सत्यम मंडल ने 33 रन, पंकज जायसवाल ने 28, अभिषेक सिंह ने 19 और ऋषभ ने 17 रन बनाए। अतिरिक्त के 29 रन मिले। एएस स्पोर्ट्स की तरफ से आदित्य ने तीन विकेट चटकाए। अमन, राजवीर ने एक एक विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एएस स्पोर्ट्स वाराणसी अच्छी शुरुआत के बावजूद 86 रन पर ऑल ऑउट हो गई। टीम की तरफ से सौरभ ने 22, अंकित ने 14 और शुभम ने 11 रन बनाई। बीएल डब्ल्यू की तरफ से अभिषेक सिंह ने घातक गेंबाजी करते हुए 6 ओवरों में मात्र सात रन देकर चार विकेट झटके। आभाष ने दो, ऋषभ आर्य ,पंकज ,रितेश ने एक-एक विकेट लिए। मैच के पूर्व खिलाड़ियों ने पुलवामा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बाहों पर काली पट्टी बांध कर मैच खेला। अंपायरिंग अरविंद कुमार और मल्लू खान ने की। स्कोरर विवेक रहे जबकि मैच रेफरी शौजब हुसैन रहे।