वाराणसी में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विजेता जैपुरिया स्कूल के खिलाड़ी।
पड़ाव। सीबीएसई क्लस्टर-5 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल, पड़ाव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। 30 जिलों के 200 से अधिक विद्यालयों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में जैपुरिया स्कूल ने सात स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल 12 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 25 जुलाई तक सारनाथ स्थित एमएल पब्लिक स्कूल में किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के 200 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षक कपिल देव सिंह के मार्गदर्शन में जैपुरिया स्कूल के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी।
विद्यालय के एथलीट विष्णुदयाल यादव, आदित्य सिंह और देवांश प्रताप सिंह ने एकल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इन तीनों खिलाड़ियों का चयन अगले माह आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की सीबीएसई एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जहां वे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता मंजिल नहीं, बल्कि एक निरंतर यात्रा है। आपकी उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि भविष्य में आप अपनी प्रतिभा से समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे।