चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसां स्थित राजकीय आईटीआई कालेज में दो सौ बेड का कोविड एल वन अस्पताल बनाया गया गया है। यहां संक्रमित मरीजों को भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा वार्डों को तैयार किया जा रहा है। शुक्रवार की दोपहर को मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव ने आईटीआई कालेज पहुंच तैयारियों के संबंध में चिकित्सकों के जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि जरुरी सुविधाओं को तत्काल मुहैया कराए जाए।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा सौ के पार जा चुका है। मरीजों को वाराणसी और भोगवारे में भर्ती कराया गया है। लेकिन एक सप्ताह से संक्रमित मरीजों के मिलने का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है। ऐसे में मरीजों को भर्ती करने के लिए अस्पताल और वार्डों की जरूरत पड़ने लगी है। डीएम नवनीत सिंह चहल ने सक्रियता दिखाते हुए रेवसां स्थित राजकीय आईटीआई कालेज में दो बेड का कोविड वार्ड तैयार करा लिया है। अब इस वार्ड में भी मरीजों को भर्ती कराया जाएगा। शुक्रवार को डीएम के निर्देश के बाद सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव ने कालेज का निरीक्षण करके सुविधाओं के बारें में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीके सिंह, प्रधानाचार्य जयप्रकाश, डा. आरबी शरण, डा. एसएन पाल मौजूद रहे।