पीडीडीयू रेलवे स्टेशन के निदेशक के खिलाफ प्रदर्शन करते संविदाकर्मी।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू नगर। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पूछताछ केंद्र पर तैनात संविदाकर्मियों ने स्टेशन निदेशक पर अपशब्द कहने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाकर काम ठप कर दिया। संविदाकर्मियों ने स्टेशन निदेशक के खिलाफ नारेेबाजी की। बाद में डीआरएम आफिस पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई। डीआरएम पंकज सक्सेना ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया और काम शुरू कराया। इस दौरान तीन घंटे तक काम ठप रहा।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र पर संविदा कर्मी काम करते हैं। यहां 24 संविदाकर्मचारी तैनात हैं। इसमें एक कर्मी कंट्रोल में, तीन लोग प्लेटफार्म संख्या दो स्थित मे आई हेल्प यू केंद्र पर और दो इंक्वायरी में तैनात हैं। ये ट्रेनों के आने जाने और प्लेटफार्म की सूचना देते हैं। सोमवार को जयनगर उधना अंत्योदय एक्सप्रेस का प्लेटफार्म अचानक बदल दिया गया। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। आरोप है कि मंगलवार को स्टेशन निदेशक हिमांशु शुक्ला ने पूछताछ संविदा कर्मचारी अश्वनी मिश्र को बुलाकर पूछताछ की। आरोप है कि इसी बीच जवाब से असंतुष्ट स्टेशन निदेशक ने अश्वनी मिश्र को अपशब्द कह दिया। इससे नाराज हो कर संविदाकर्मियों ने काम ठप कर दिया। इसके बाद पूछताछ केंद्र के बाहर स्टेशन निदेशक के विरोध में नारेबाजी की और बाद में डीआरएम आफिस पहुंच कर हो हल्ला किया। इस दौरान सीनियर डीसीएम रूपेश कुमार, सीएसजी अशोक अनिल, सीआईटी आदि ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। बाद में डीआरएम पंकज सक्सेना ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मी शांत हुए और काम शुरू किया। इस दौरान 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक पूछताछ केंद्र पर ट्रेनों की जानकारी के लिए यात्री परेशान रहे।
ट्रेन के गलत स्टेशन एनाउंस करने के मामले की जांच की गई तो इंक्वायरी सुपरवाइजर अश्वनी मिश्र से पूछताछ की गई। इसमें सूचना देने के लिए डांटा गया । इस पर संविदाकर्मियों ने काम ठप कर दिया। सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है। यही नहीं डीआरएम के निर्देश पर सुपरवाइजर को रिमूव करने का निर्देश दिया गया है।
हिमांशु शुक्ला
स्टेशन निदेशक, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर