सकलडीहा। प्रभारी बीडीओ व पीडी सुशील कुमार ने सोमवार को विकास खंड के समस्त सचिव और रोजगार सेवकों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधीनस्थों को पीएम व सीएम आवासों का निर्माण पूरा कराने सहित गावों में साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया। चेताया कि कार्यों में बरती गई किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वर्ष 2021 में 840 पीएम आवास और 65 सीएम आवास निर्माण कराने का लक्ष्य है। सभी लाभार्थी को प्रथम और द्वितीय किस्त की राशि उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद भी पीएम और सीएम आवास का निर्माण आधा-अधूरा है। इससे नाराज बीडीओ ने तय समय पर निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बरसात का मौसम आने से पूर्व मनरेगा योजना के तहत चल रहे कार्यों को पूरा कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही गांवों में प्रतिदिन साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया और पौधरोपण कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की। इस मौके पर प्रभारी एडीओ पंचायत पवन दूबे, एडीओ कॉपरेटिव अभिषेक सिंह, ग्राम विकास अधिकारी राम सिंह, मनोज सिंह, सुभाषचंद्र भारतीय मौजूद रहे।