पीडीडीयू नगर। विश्व पर्यावरण दिवस से पहले चलाए जा रहे जागरूकता पखवाड़ा के तहत शनिवार को रेलवे के पर्यावरण एवं रखरखाव विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेमिनार का आयोजन किया गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर अधिकारियों ने यात्रियों को प्लास्टिक के इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर होने वाले विपरीत प्रभाव के बारे में जानकारी दी। साथ ही कैरेज एंड वैगन में रेलकर्मियों से सिंगल यूज प्लास्टिक से दूर रहने का आह्वान किया गया।
रेलवे की ओर से एक पखवाड़ा के लिए प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण को समाप्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को पीडीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ के साथ यात्री हाल में आयोजित स्वास्थ्य सेमिनार में मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश कुमार ने यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक ने जहां इंसान के जीवन को आसान बनाया है, वहीं पर्यावरण के लिए अत्यंत घातक साबित हुई है। विशेष रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक जल्दी समाप्त नहीं होता है। आज हम खाना पैक करने, पानी लेने, सब्जी लेने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इसमें खाना रखने से हमारे स्वास्थ्य को अत्यधिक नुकसान पहुंचता है। उन्होंने यात्रियों को पानी का बोतल साथ लेकर चलने, प्लास्टिक की जगह जूट का थैला इस्तेमाल करने की सलाह दी। इसी तरह कैरेज एंड वैगन केयर सेंटर में भी रेलकर्मियों को घर से खाना टिफिन बाक्स में ले आने की सलाह दी गई। कहा गया कि प्लास्टिक का हम इस्तेमाल रोकेंगे तभी धरती का भला होगा।प्लास्टिक पर रोक के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक ज्योतिष, शशि कुमार, आशुतोष चौबे आदि मौजूद रहे।