चकिया। उपजिलाधिकारी प्रेमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय के समीप नाले पर बनी दो जर्जर दुकानों को जेसीबी की मदद से हटा दिया गया। नगर पंचायत कार्यालय के ठीक बगल में एक चिकित्सक ने नाले के उपर दो दुकाने बनवा रखी थी। भारी बरसात के चलते नाले के पानी के बहाव की जद में दोनों दुकाने आ गई। इससे वे आंशिक रूप से ध्वस्त हो चुकी हैं। शुक्रवार की सुबह नाले पर से अतिक्रमण हटाने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा खुद मौके पर पहुंचे तथा जेसीबी की मदद से दोनों दुकानों को हटाकर नाले को अतिक्रमण मुक्त कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके में खलबली मची रही। उधर, एसडीएम प्रेमप्रकाश मीणा ने चकिया-अहरौरा मार्ग पर सलया ताल की सात बीघा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बना लेने वाले 28 अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी की है। इससे सलया ताल के पास मकान तथा दुकान बनाकर जीविकोपार्जन कर रहे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। सलया ताल की जमीन पर अवैध कब्जा किये 28 लोगों के विरूद्ध जारी नोटिस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने पांच दिनों के अंदर अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी है। नोटिस में उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमणकारी निर्धारित अवधि तक अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो भूमि को प्रशासन अतिक्रमणमुक्त कर देगा। उन्होंने कहा कि सलया ताल की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराकर उसपर मिनी स्टेडियम नगर पंचायतवासियों के लिए पार्क का निर्माण कर उसे विकसित किया जाएगा।