मुगलसराय स्टेशन पर जांच में शामिल जीआरपी।
गणतंत्र दिवस पर नक्सलियों ने काला दिवस मनाने के साथ ही बंद का भी ऐलान किया है। इसे देखते हुए सुरक्षा तंत्रों ने मुगलसराय मंडल के सभी स्टेशनों और सभी ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही जांच पड़ताल भी चल रही है।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र ने बताया कि मंडल से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में जांच सूक्ष्मता से की जा रही है। यात्रियों को प्रसारण के माध्यम से और जांच के दौरान व्यक्तिगत रूप से बताया जा रहा है कि वे संदिग्धों की सूचना तत्काल ट्रेन के एस्कोर्टिंग पार्टी को दें। अगर ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी हो तो आन ड्यूटी आरपीएफ कर्मियों अथवा नजदीक स्थित आरपीएफ थाने को सूचित करें। बताया कि सोन नगर बरवाडीह सेक्शन में विशेष सतर्कता के आदेश दिए गए हैं। ट्रैकों की सुरक्षा के लिए जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के अनुसार मंडल के सभी स्टेशनों और ट्रैकों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर आरपीएफ के जवान तैनात हैं। सोननगर बरवाडीह सेक्शन में सुरक्षा बलों के साथ-साथ लोकल पुलिस की भी मदद ली जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक किशोर कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के साथ ही परिचालन विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि रात्रिकालीन ट्रेनों के परिचालन में निर्धारित गति सीमा का पालन करें। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर वाकी टाकी के माध्यम से मंडल कार्यालय को सूचना दें। ग्रैंड कार्ड लाइन पर राजधानी एक्सप्रेस समेत सभी महत्वपूर्ण ट्रेनों की पेट्रोलिंग कराई जा रही है। इसी प्रकार सोननगर बरवाडीह सेक्शन में पटरियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ के जवानों के साथ-साथ बिहार और झारखंड की लोकल पुलिस भी लगी हुई है। इस सेक्शन की सभी महत्वपूूर्ण ट्रेनों में एस्कोर्टिंग पार्टी में जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है।