कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम होते ही एक बार फिर प्रवासी मजदूर काम पर जाने लगे हैं। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, सिकंदराबाद सहित अन्य औद्योगिक शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। सेंकेंड सीटिंग और स्लीपर कोच में सीट के मुकाबले दोगुने से तीन गुने यात्री सवार हो रहे हैं। यहां तक कि लगेज कोच, दिव्यांग कोच, महिला कोच में भी सामान्य यात्री सवार होकर यात्रा कर रहे हैं। सोमवार को श्रमजीवी एक्सप्रेस में प्लेटफार्म की दूसरी ओर रेल पटरी से ट्रेन की खिड़की से लोग अंदर घुसते हुए नजर आ रहे हैं।
कोरोना संक्रमण का असर कम होने से लगातार मजदूर शहरों की ओर की रवाना हो रहे हैं। इसका असर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के रूप में दिख रही है। स्थिति यह है कि अप की ट्रेनों में रिजर्वेशन मिलना मुकिश्ल हो गया है। लोग वेटिंग टिकट पर भी यात्रा कर रहे हैं। भीड़ की वजह से गेट से यात्रियों को अंदर घुसना मुश्किल हो गया है। सोमवार को राजगीर से नई दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस में प्लेटफार्म की दूसरी तरफ रेल पटरी से खिड़की के सहारे जनरल कोच में घुसते हुए यात्री दिखे। इस संबंध में स्टेशन निदेशक मोहम्मद इकबाल ने बताया कि यात्रियों से सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने को कहा जा रहा है। अप की ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए कई अतिरिक्त ट्रेनों को चलाया जा रहा है। ताकि यात्रा करने वालों को परेशानी न हो।