01-पीएम आज करेंगे पं. दीनदयाल स्मारक का लोकार्पण
सभा स्थल पर दिनभर चलती रही तैयारी, अफसर लेते रहे जायजा
परिसर में 39.79 करोड़ से 63 फीट ऊंची प्रतिमा बनकर तैयार
सभा स्थल से पीएम 12 अरब की परियोजानाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
पड़ाव(चंदौली)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पड़ाव चौराहे पर गन्ना विकास शोध संस्थान परिसर में बने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक का लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। परिसर में उनकी 39.79 करोड़ से 63 फीट ऊंचे कांस्य की प्रतिमा के अलावा ओपेन थिएटर, कुंड आदि बनकर तैयार हो चुका है। दीनदयाल की प्रतिमा से लेकर कुंड, दीवाल और पार्क को सजाने और संवारने का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं सूजाबाद में पीएम के हेलीकाप्टर उतरने के लिए बन रहे तीन हेलीपैड को पूरी तरह से बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है।
देर शाम तक एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया। पीएम दिन में एक बजे सूजाबाद हेलीपैड पर पहुंचेंगे और वहां से कार द्वारा कार्यक्रम स्थल पड़ाव आएंगे । जहां स्मारक का लोकार्पण करने तथा जनसभा को संबोधित करने के बाद दो बजे वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे।
इसके अलावा पड़ाव पर ही पीएम वाराणसी की 12 अरब की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसकी भी तैैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं पीएम की सभा के लिए परिसर में देर रात तक मंच बनकर तैयार हो गया। वहीं तैयारियों को परखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब पौने पांच बजे पड़ाव पहुंचे। वहां उन्होंने तैयारियों को देखा और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके पहले पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी दिनभर जायजा लेते रहे। पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग कर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
इनसेट
पांच अगस्त 18 को स्मारक का हुआ था शिलान्यास
पड़ाव(चंदौली)। पांच अगस्त 2018 को पीडीडीयू नगर के बाकले मैदान में भाजपा की आयोजित जनसभा में पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रेल मंत्री पीयूष गोयल सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में स्मारक बनाने की घोषणा करने के साथ ही शिलान्यास किया था। इसके बाद से वीडीए वहां कार्य करा रहा था।
गन्ना विकास शोध संस्थान परिसर में दो चरणों मे काम होना है। पहले चरण में 39.79 करोड़ से 63 फ़ीट ऊंची दीनदयाल की प्रतिमा, ओपन थियेटर, वैदिक उद्यान, इन्टरपिटेशन वाल जिसपर पंडित दीनदयाल के जीवन वृत्त को दर्शाया गया है। जबकि दूसरे चरण में संग्रहालय, पुस्तकालय, क्लोस्ड थियेटर, के अलावा पड़ाव चौराहे के सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य होने है। इस पर 126 करोड़ रुपये खर्च होने है। वीडीए ने इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज है।
02-गुलाब-गेंदे की खुशबू से महकेगा मंच, डेजी ने बढ़ाई खूबसूरती
मंच बनकर तैयार, लगभग 10 हजार कुर्सियों की गई है व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
पड़ाव(चंदौली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए बनाकर तैयार मंच को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ और वाराणसी से विभिन्न प्रकार के फूलों को मंगाया गया है। पीएम का मंच गुलाब-गेंदे की खुशबू से महकेगा तो डेजी खूबसूरती को लगाएगी चार चांद। मंच को विभिन्न प्रकार के फूलों से सुसज्जित किया गया है। स्मारक स्थल पर बने मंच को सजाने के लिए गेंदा, गिलेरी पत्ते, गुलाब के फूलों के साथ आरकेट, जरबेरा, गल्लेट, स्टारबेरी, डेजी आदि फूलों को लगाया गया है।
परिसर स्थित सभास्थल पर वीआईपी, वीवीआईपी सहित तकरीबन 10 हजार लोगों को बैठने की व्यवस्था की गई है। परिसर में कुर्सियों को लगाने का काम देर रात तक चलता रहा। वहीं साफ-सफाई के अलावा मंच को सजाने संवारने का काम भी देर रात तक चलता रहा। वहीं देर शाम एसपीजी ने सभा स्थल और मंच को अपने कब्जे में ले लिया।
03-पीएम की सुरक्षा में जमीं से आसमां तक रहेगी निगहबानी
कार्यक्रम स्थल पर पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक जालियों से घेरा
एडीजी, आईजी रेंज ने ब्रिफिंग कर बताई जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
पीडीडीयू नगर(चंदौली)। पड़ाव पर बनकर तैयार पंडित दीनदयाल स्मारक स्थल सहित विभिन्न परियोजनाओं का रविवार को लोकार्पण और शिलान्यास करने आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में कोई कोरकसर नहीं रहेगी। जमीं से लेकर आसमां तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। हेलीपैड से लेकर परिसर स्थित सभा स्थल तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक बैरिकेडिंग के बाद जालियों से घेरा गया है। वहीं सभा स्थल पर मंच के सामने बने कुंड के चारो ओर लोहे की जालियों से बैरिकेट किया गया है।
पीएम की सुरक्षा में चार पुलिस अधीक्षक, करीब 12 एडिशनल एसपी, 20 सीओ, 200 सबइंस्पेक्टर को तैनात किया गया है। जबकि करीब 2000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें पांच सौ महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। इसके अलावा पैरामिलिट्री फोर्स को तैनात किया गया है। वहीं एसपीजी अलग से नजर रखेगी। शनिवार को परिसर में एडीजी ब्रजभूषण, आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को ब्रिफिंग कर जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया। एडीजी ने किसी से भी अभद्रता न करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने यूनिफार्म में रहेंगे। किसी प्रकार की कोई जैकेट नहीं पहनकर आएगा। साथ ही जहां ड्यूटी होगी वहां पर आसपास पूरी तरह से नजर रखने के साथ ही सक्रिय रहेंगे। चेताया कि लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
04-दिनभर तैयारियों का जायजा लेते रहे अफसर
हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक हुआ फ्लीट रिहर्सल
संवांद न्यूज एजेंसी
पड़ाव(चंदौली)। स्मारक स्थल का लोकार्पण करने आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर दिनभर उच्चाधिकारी कसरत करते रहे। एडीजी ब्रजभूषण, आईजी रेंज विजय सिंह मीना, चंदौली डीएम नवनीत सिंह चहल, एसपी हेमंत कुटियाल ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही जो कमिंया थी उसे तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने बारीकी से एक-एक बिंदुओ की गहनता से जांच पड़ताल की। वहीं एसपीजी के अधिकारी भी हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक तैयारियों को परखा। वहीं मुख्यमंत्री के आने से पहले सूजाबाद में बने हेलीपैड से डमी फ्लीट का रिहर्सल हुआ। पीएम की फ्लीट का रिहर्सल के बाद ीअफसरों ने जायजा लिया। मंच को सजाने से लेकर प्रवेश और निकास द्वारों तक की व्यवस्था को देखा।
05-सीएम ने पीएम के सभा की तैयारियों को परखा
पड़ाव(चंदौली)। गन्ना विकास शोध संस्थान में रविवार को आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी की सभा के लिए की जा तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवाचर को दोपहर बाद पड़ाव पहुंचे। हेलीकाप्टर से वह सीधे सूजाबाद में बने हेलीपैड पहुंचे। वहां से कार द्वारा सीधे स्मारक स्थल पहुंचे। तकरीबन पौने पांच बजे पहुंचे मुख्यमंत्री ने पूरे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मंच और सभा स्थल को देखा। साथ ही वहां उपस्थित उच्चाधिकारियों से तैयारियों के बाबत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभा स्थल से लेकर हेलीपैड तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम होने चाहिए। किसी भी प्रकार की चूक क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंच और सभा स्थल के जो कार्य बाकी रह गए हैं उसे जल्द से जलद पूरा करा लिए जाएं। तकरीबन 15 मिनट तक कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री पांच बजकर पांच मिनट पर वहां से हेलीपैड के लिए रवाना हो गए और वहां से हेलीकाप्टर उड़ गया।
06-स्मारक स्थल से पीएम देंगे 12 अरब की परियोजनाओं की सौगात
10 अरब का लोकार्पण और दो अरब की परियोजनाओं का शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूूरो
सचित्र-
पीडीडीयू नगर(चंदौली)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक का लोकार्पण करने के साथ ही करीब 12 अरब की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें दस अरब से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे जबकि 1.98 अरब की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए यहां शिलापट्ट लगा दिए गए हैं। पीएम स्मारक स्थल से 34 परियोजनाओं का लोकार्पण और 14 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
पीएम इनका करेंगे लोकार्पण
बीएचयू में 163.73 करोड़ की लागत से निर्मित शैयायुक्त सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल, 18 करोड़ की लागत से बने बीएचयू में 74 शैय्यायुक्त मनोरोग अस्पताल, 58.14 करोड़ की लागत से बने महामना पंडित मदनमोहन मालवीय कैंसर सेंटर बीएचयू के तहत आवासीय भवन, बीएचयू में 11.29 करोड़ 21 हजार रुपये की लागत से वैदिक विज्ञान केंद्र, का लोकार्पण भी पीएम करेंगे। डीडीयूजीजेवाई के तहत एक अरब 117 करोड़ छह लाख रुपये की लागत से बने सिंचाई के लिए नलकूपों के 35 फीडरों, 120.50 करोड़ की लागत से बने 220 केवी विद्युत उपकेंद्र राजातालाब, 8.55 करोड़ 46 लाख की लागत से बने कबीरचौरा स्थित एसएसपीपी अस्पताल का उच्चीकरण, जिला महिला चिकित्सालय में 19.99 करोड़ 79 हजार रुपये से 100 बेड के मैटर्निटी विंग, 6.80 करोड़ से स्मार्ट सिटी मिशन में मंदाकिनी कुंड का जीर्णोद्धार, 12.45 करोड़ से गौशाला कान्हा उपवन का निर्माण एवं विकास, 3.29 करोड़ 12 हजार रुपये से डोमरी ग्राम पाइप पेयजल योजना, 13.10 करोड़ की लागत से काशी विश्वनाथ मंदिर में निर्मित अन्नक्षेत्र, पुलिस लाइन में निर्मित 7.02 करोड़ की लागत से 200 व्यक्तियों की क्षमता का बहुमंजिली बैरक, 6.89 करोड़ 95 हजार की लागत से राजातालाब क्षेत्र के कपसेठी में बने आईटीआई, शिवपुर मे 4.92 करोड़ 68 हजार से हुए क्षेत्रीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला सुदृढ़ीकरण, 5.87 करोड़ से कंदवा में बने 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन, 5.85 करोड़ 16 हजार से सारनाथ में बुद्ध थीम पार्क परिसर में सभागार भवन की फर्नीशिंग व साज-सज्जा, 16.15 करोड़ से सारनाथ-मुनारी-रौनाखुर्द मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, 90.12 करोड़ 91 हजार से बाबतपुर-चौबेपुर-भुगतुआ-बलुआ ब्रिज मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, 15.06 करोड़ से राजातालाब पुलिस चौकी से कौशलपुरी होकर जक्खिनी तक मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, 6.64 करोड़ से लालपुर चट्टी-भिखमपुर-तक्खु की बौली मार्ग निर्माण, 4.84 करोड़ 60 हजार से जक्खिनी त्रिमुहानी-शहंशाहपुर-बेलवां मार्ग निर्माण,7.96 करोड़ 79 हजार से छित्तुपुर टिकरी आईटीआई मार्ग से डाफी बाईपास-टिकरी-नुआवं बाईपास तक मार्ग निर्माण, 18 करोड़ 42 हजार से मोहनसराय-लहरतारा वाया अकेलवां-कोटवां मार्ग निर्माण, 24.44 करोड़ 39 हजार से पुराना एनएच मोहनसराय-कैंट मार्ग चौड़ीकरण, डिवाइडर, नाली आदि निर्माण, 13.22 करोड़ 84 हजार से रथयात्रा क्रासिंग-भुल्लनपुर तक शहरी मार्ग चौड़ीकरण, 2.99 करोड़ 52 हजार से चौकाघाट लकड़ी टाल-संस्कृत विश्वविद्यालय-जगतगंज तिराहा तक पटरी चौड़ीकरण, इंटरलाकिंग, 3.60 करोड़ 31 हजार से मवईया तिराहा-हवेलिया चौराहा मार्ग की पटरी पर चौड़ीकरण, नाली, सर्फेस ड्रेसिंग, मेनहोल उच्चीकरण व युटिलिटी शिफ्टिंग कार्य, 2.36 करोड़ 94 हजार रुपये से किला कटरिया मार्ग की सामान्य मरम्मत, सुदृढ़ीकरण व नवीनीकरण, 3.16 करोड़ 74 हजार से पड़ाव-रामनगर मार्ग पर सामान्य मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण तथा नवीनीकरण, 12.43 करोड़ 78 हजार से रामबाग-जीवनाथपुर मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, 5.76 करोड़ से शिवपुर लिंक रोड चौड़ीकरण व सतह सुधार, नाली निर्माण का लोकार्पण करेंगे।
1.98 अरब की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
पड़ाव(चंदौली) पीएम पड़ाव पर होने वाली जनसभा से 1.98 अरब की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। अलईपुर में 56.05 करोड़ से 132/33 केवी ट्रांसफॉर्मर, 22 करोड़ आईपीडीएस फेज-3 के तहत 33/ 11 केवी जीआईएस सब स्टेशन, 15.39 करोड़ 90 हजार की लागत से पांडेयपुर, चकरा, सोनभद्र, नदेसर एवं चिरईपुर तालाबों का विकास-सुंदरीकरण, 21.78 करोड़ 35 हजार से टाउनहाल में पार्क-पार्किंग पुर्नविकास, कार्य का, 05.07 करोड़ 56 हजार की लागत से इमलाक नगर कॉलोनी पार्क, शंकुलधारा के निकट खोजवां पार्क, गिरि नगर कॉलोनी पार्क और टैगोर टाउन पार्क विकास-सुंदरीकरण,5.50 करोड़ से घाटों पर हेरिटेज साइनेज,16.28 करोड़ से कालभैरव वार्ड पुनर्विकास, 17.09 करोड़ से कामेश्वर महादेव वार्ड पुनर्विकास, 13.53 करोड़ से राजमंदिर वार्ड पुर्नविकास,6.97 करोड़ से सिंधोरा थाना के अनावासीय भवनों के निर्माण, 7.94 करोड़ पिंडरा गांव में फायर स्टेशन के आवासीय/अनावासीय भवन निर्माण, 5.30 करोड़ से मंडी परिषद पहड़िया का आधुनिकीकरण, 1.88 करोड़ 93 हजार की लागत से कादीपुर से नकाई (मढ़ाव, भुल्लनपुर) पंचकोशी मार्ग निर्माण,3.39 करोड़ 57 हजार से एनएच-29 पर झाम की मड़ई से नरायनपुर (कसीहर, चुकहा) मार्ग निर्माण का शिलान्यास करेंगे।