विश्व हिंदू परिषद की सेवा योजना के तहत महर्षि वाल्मीकि सेवा संस्थान, देवखत में नवनिर्मित मां शबरी वनवासी कन्या छात्रावास भवन का वैदिक विधि-विधान से लोकार्पण किया गया। समारोह में अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति की 15 छात्राओं का छात्रावास में नामांकन कराया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय संयुक्त मंत्री एवं अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख आनंद प्रकाश हरबोला ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि सेवा संस्थान कार्यकर्ता निर्माण और हिंदू जागरण का केंद्र है। विशिष्ट अतिथि क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहा कि मां शबरी कन्या छात्रावास क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा के साथ संस्कार देने का कार्य करेगा। छात्रावास की अध्यक्ष मीना सिंह ने कहा कि यहां रहने वाली बच्चियां शिक्षित और संस्कारित होकर देश और समाज का नाम रोशन करेंगी। संस्थान के संस्थापक एवं संयुक्त क्षेत्र सेवा प्रमुख राधेश्याम द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत और परिचय कराया। संचालन संस्थान के मंत्री अवध बिहारी मिश्र ने किया। इस अवसर पर डोंगरे, कुसुम लता द्विवेदी, मंजू हरबोला, दिवाकर कृष्ण कुमार, अभिषेक रामराम, सर्वजीत, मोलई राम समेत कई कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे।