टांडाकला। स्थानीय ग्राम सभा में श्री गणेश पूजा समिति की ओर से पांच दिवसीय गणेश पूजा के पांचवें दिन शनिवार को मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें श्रीगणेश स्पोर्टिंग क्लब टांडाकला के बच्चे विजेता घोषित हुए। विजेता टीम को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
श्रीगणेश पूजा समिति की ओर से स्थानीय गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के समीप पांच दिवसीय गणेश पूजा का आयोजन किया गया। प्रथम पूज्य भगवान गणेश की पूजा कर प्रसाद का वितरण किया गया। प्रतिदिन यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। गणेश पूजा के अंतिम दिन शनिवार को मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें 21 फुट की ऊंचाई पर मटकी लटकाई गई। प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीम को मटकी फोड़ने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया। गाजे-बाजे के साथ गणपति बप्पा मोरया के जयकारे के बीच टीमों ने मटकी फोड़ने का प्रयास किया। इसमें श्रीगणेश स्पोर्टिंग क्लब के खिलाड़ी सफल रहे। मटकी फुटते ही मौजूद सैकड़ों की भीड़ ने तालिया बजाकर गणपति बप्पा मोरया के जयकारे के साथ खुशियां मनाईं। विजेता टीम के कप्तान डीके निषाद को मुख्य अतिथि समाजसेवी विपुल सिंह दादा एवं जिला पंचायत सदस्य रविंद्र यादव ने माल्यार्पण कर सम्मानित करते हुए शील्ड और पुरस्कार की राशि भेंट की। प्रतियोगिता के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा एक वाहन पर रख कर शोभायात्रा निकाली गई और पूरे इलाके में भ्रमण करने के बाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।