पीडीडीयू नगर। रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों की शिकायत पर बृहस्पतिवार की देर शाम रेलवे के मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग की टीम ने छापेमारी किया। इस दौरान स्टेशन पर अवैध तरीके से सामान बेचते पांच वेंडर पकड़े गए। मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने पकड़े गए पांचों वेंडरों को रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया गया। स्टेशन पर वाणिज्य विभाग की छापेमारी से हड़कंप की स्थिति रही। खासतौर से प्लेटफार्म और गाड़ियों में अवैध तरीके से चलने वाले वेंडरों के पसीने छूट रहें थे।
हावड़ा दिल्ली रूट पर अतिव्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ ही अवैध वेंडरों की भरमार होने लगी है। किसी ने इसकी शिकायत डीआरएम राजेश कुमार पांडेय से किया, डीआरएम के आदेश पर वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रूपेश कुमार की देख रेख में बृहस्पतिवार की देर शाम डीसीएम धीरज कुमार ने विभाग की टीम के साथ स्टेशन पर पहुंच कर छपेमारी शुरु किए। इस दौरान टीम ने प्लेटफार्मो पर मौजूद सभी स्टालों की जांच किया। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर सात पर पांच लोग अनाधिकृत रूप से फल बेचते मिले। जांच के दौरान पांचों टीम के सदस्यों को प्लेटफार्म पर बिक्री करने के लिए जारी प्राधिकार पत्र नहीं दिखा सकें। इस पर टीम ने सभी को पकड़ कर रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया। आरपीएफ ने रेलवे एक्ट के तहत पांचों का चलान किया। धीरज कुमार ने बताया कि अभी तो शिकायत पर छापेमारी और जांच की प्रक्रिया शुरू हुई है, लेकिन अब जांच की प्रक्रिया अभियान के रुप में लगातार जारी रहेंगी।