सकलडीहा। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने ट्रक से वसूली के मामले में सख्त रूख दिखाते अब सकलडीहा कोतवाल अनिल कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। मछली लदे ट्रक से धन वसूली के मामले में पूर्व में नई बाजार चौकी प्रभारी और एक सिपाही जेल जा चुके हैं। अब कोतवाल के लाइन हाजिर किए जाने को लेकर महकमे में चर्चा है।
चार दिन पहले जम्मू के कोडरंगा जिले के अरजोरी गांव निवासी ट्रक चालक मुहम्मद अयुब व खलासी आशिफ कोलकता के मछली का बच्चा लेकर रोहतक हरियाणा जा रहा था। इसी बीच कार सवार बदमाशों ने क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर सैयदराजा थाना क्षेत्र के हाइवे के पास से ट्रक चालक को ओवर टेक कर लिया। आरोप है कि नईबाजार पुलिस चौकी के समीप पेट्रोल पंप के पास कार सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर चौकी पुलिस के सहयोग से एक लाख रूपये ऑनलाइन लिया। इसके बाद और भी धन की मांग करने लगे। ट्रक चालक ने इसकी सूचना अपने मालिक को दिया। मालिक की सूचना पर मौके पर एसपी सीओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गये। पुलिस के आने से पूर्व अज्ञात बदमाश अपनी अल्टो कार छोड़ फरार हो गये। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के तहरीर पर चौकी प्रभारी सहित दो पुलिस कर्मी और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। दोनों पुलिस कर्मियों को हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया । वही चार दिन बाद एसपी ने कोतवाल अनिल कुमार पांडेय को जिम्मेदार मानते हुए लाइन हाजिर कर दिया। इस बावत सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि नईबाजार मामले को लेकर कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कोतवाली के कई सिपाही पर भी एसपी की पैनी नजर
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में लगातार बालू ट्रैक्टरों व ट्रक से वसूली को शिकायत पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल से होती रही है। वसूली के मामले में दो दिन पूर्व नईबाजार चौकी इंचार्ज व एक सिपाही के साथ दो अन्य के ऊपर जबरजस्ती पैसे वसूलने के आरोप में जेल भेज दिया। घटना के बाद एसपी कोतवाली में तैनात कई सिपाहियों के ऊपर भी पैनी नजर बनाए हुए है। संवाद