संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर (चंदौली)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ओड़वार गांव में चार दिनों से संतान प्राप्ति अनुष्ठान के नाम पर चपत लगाने की कोशिश में दो ढोंगी व्यक्ति दबोच लिए गए। पीड़ित के अनुसार, दोनों ने घर की महिलाओं से गहनों को दो घड़ों में रखवाया फिर उसमें ईंट-पत्थर रखकर भागने की तैयारी करने लगे। शक होने पर तलाशी ली गई तो दोनों की जेब से गहने मिले। पीड़ित का आरोप है कि दोनों दूसरे समुदाय से जुड़े हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ओड़वार गांव के बेचू सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शादी के पांच साल बाद भी उसकी पुत्रवधू मां नहीं बन सकी है। चार दिन पहले उसे बदलापुर के बबलू और योगी मिले। बेचू का आरोप है कि बबलू का असली नाम रियायत और योगी का नाम सलमान है।
दोनों ने झांसा दिया कि घर पर चार दिनों तक अनुष्ठान कराने से समस्या हल हो जाएगी। कुछ धन खर्च होगा। दोनों की बातों में आकर बेचू राजी हो गया। आरोप है कि दोनों ने पूजा के दाैरान घर की महिलाओं से दो घड़े मंगवाए। एक में सोने और दूसरे में चांदी के गहने रखने के लिए कहा।
इसके बाद लाल कपड़े से घड़ों को बांध दिया। बताया कि घड़े शुक्रवार की रात खोले जाएंगे। घड़े से जो निकलेगा, उसी के अनुसार संतान की घोषणा की जाएगी। पूजा के दौरान फोटो खींचने व वीडियो बनाने पर दोनों मना कर देते थे।
आरोप है कि शुक्रवार रात दोनों ने एक अगरबत्ती जलाई और उसे घर में देवी-देवताओं को दिखाने के लिए कहा। इसी बीच मौका पाकर घड़े से गहने निकालकर अपनी जेब में रख लिए और घड़े में ईंट-पत्थर भर दिए। बेचू को दाेनों पर शक हुआ। उसने अपने बेटे से घड़ों की जांच करने के लिए कहा। बेटे ने जब घड़े देखे तो सारी पोल खुल गई। दाेनों की तलाशी ली गई तो उनकी जेब से गहने मिले। इसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को पकड़ कर कोतवाली ले आई। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।