टेलीकॉम व मोबाइल विक्रेता संघ सैदूपुर के निर्णय के अनुसार सोमवार को क्षेत्र की मोबाइल व टेलीकॉम से जुड़ी सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहीं जिसका व्यापक असर देखने को मिला। मोबाइल, एक्सेसरीज और मोबाइल रिचार्ज कराने पहुंचे ग्राहकों को इधर-उधर भटकना पड़ा। गौरतलब है कि पिछले दिनों टेलीकॉम मोबाइल विक्रेता संघ की बैठक में सर्वसम्मति से प्रत्येक महीने की एक और 15 तारीख को सभी दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया था। बैठक में यह भी तय किया गया था कि नियमों के उल्लंघन करने पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। सभी दुकानदारों ने अपनी सहमति से अग्रिम धनराशि भी संगठन के पास जमा कर दी थी। वहीं दूसरी ओर इलिया बाजार में बंदी को लेकर अलग स्थिति देखने को मिली। यहां अधिकांश मोबाइल दुकानदारों ने 15 तारीख की बंदी का समर्थन नहीं किया और दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहीं। दुकानदारों का कहना था कि वे केवल महीने की पहली तारीख को ही बंदी का पालन करेंगे।