मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार को आईजी के. सत्यनारायण ने अधीनस्थों संग अपराध नियंत्रण सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के लगभग सभी थानों में ज्यादा विवेचनएं लंबित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा होली के मद्देनजर पुलिस टीम को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
आईजी ने बताया कि जिले की पुलिस टीम गो तस्करी और अवैध शराब की तस्करी जैसे काले कारोबार को अंजाम देने वालों के खिलाफ बेहतर कार्य कर रही है। गो तस्करी करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। बताया कि पुलिस थानों में काफी अर्से से विवेचनाएं लंबित हैं जिसके निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को जिम्मेदारी दी गई है। चेताया कि आगामी समीक्षा के दौरान खामी मिली तो जिम्मेदार पुलिस अफसरों की जवाबदेही तय की जाएगी। कहा कि होली को देखते हुए बार्डर वाले इलाके में विशेष जांच अभियान चलाया जाए क्योकि तस्कर अवैध शराब की खेप को बिहार प्रांत में पहुंचाने के फिराक में रहेंगे। इसके अलावा सभी वर्ग के लोगों के साथ बैठक कर शांति और सौहार्दपूर्वक होली मनाने का सुझाव दिया जाए। इसके लिए सभी सीओ और थानाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है। होली पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे। इस मौके पर एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी विनय कुमार सिंह, सीओ रामवीर सिंह, अनिुरुद्ध सिंह, रघुराज, राजेश राय, कोतवाल राजीव सिंह, आरआई रामबेलास आदि मौजूद रहे।