पीडीडीयू नगर। शारदीय नवरात्र की पंचमी को मंगलवार की रात जिले भर के पूजा पंडालों में मां दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित कर दी गईं। बुधवार को पंडालों में माता के दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
जिले में 275 स्थानों पर पूजा पंडाल बनाए गए हैं। देश के प्रमुख मंदिरों और भवनों की तर्ज पर बनाए गए पंडाल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है। वहीं, पंडालों के आस-पास की आकर्षक लाइटिंग से सजावट की गई है। बुधवार से तीन दिवसीय मेले की शुरूआत होगी। पड़ाव चौराहे पर सागर स्पोर्टिंग क्लब के 25 फीट ऊंचे पंडाल में जिले की सबसे बड़ी 22 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। यहां माता सरस्वती, माता लक्ष्मी, गणेश और कुमार कार्तिकेय, भगवान शंकर और महिषासुर की प्रतिमाएं भी लोगों को मोह रही हैं।
पड़ाव ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिशन की ओर से लोहे के एंगल से पंडाल बनाया गया है। चंदासी कोयला मंडी में बंगाल के काली मंदिर की तर्ज पर विशालकाय पंडाल का निर्माण किया गया है। पीडीडीयू नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी में झारखंड के विष्णु मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है। अफीम कोठी रोड पर त्रिशूल क्लब का पंडाल महिला अपराध केे प्रति लोगों को जागरूक करेगा। नगर के परमार कटरा, वेस्टर्न बाजार, जायसवाल भवन, गल्ला मंडी, लाठ नंबर एक और लाठ नंबर दो, रविनगर, पटेलनगर, राम मंदिर, अमोघपुर, आरपीएफ कॉलोनी, गया कॉलोनी, सेंट्रल कॉलोनी के पंडालों में भी प्रतिमाएं स्थापित कर दी गई हैं।