पीडीडीयू नगर। शारदीय नवरात्र के छठे दिन शुक्रवार को पूजा पंडालों में मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, प्रथम पूज्य गणेश और कुमार कार्तिकेय की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा हुई। शनिवार से नगर और आसपास के क्षेत्रों में सजे 280 पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू होगा। आकर्षक सजावट, विद्युत झालरों और भक्ति गीतों के बीच तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इस दौरान जगह-जगह मेले भी लगेंगे। इससे पहले शुक्रवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां के छठे स्वरूप कात्यायनी की पूजा-अर्चना की।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में पूजा समितियों ने पंडालों को आकर्षक रूप दिया है। कहीं भव्य मंदिरों की तर्ज पर सजावट की गई है तो कहीं सामाजिक संदेशों पर आधारित प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। लाठ नंबर एक और दो, रविनगर, नई बस्ती, कैलाशपुरी, शाहकुटी, कैथापुर, परशुरामपुर, अमोघपुर और गल्ला मंडी सहित कई इलाकों में पूजा की विशेष तैयारियां की गई हैं। रेलवे की आरपीएफ कॉलोनी, गया कॉलोनी, प्लांट डिपो, डीजल कॉलोनी, लोको कॉलोनी और यूरोपियन कॉलोनी में भी पंडाल सजाए गए हैं। नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट में मेला लगा है। इसी तरह लाठ नंबर दो, गुरुद्वारा, मानसनगर, सेंट्रल कॉलोनी और डीजल कॉलोनी में भी मेले के लिए दुकानें सजाई गई हैं। चंदासी, पड़ाव और सूजाबाद में भी दुर्गा पूजा पंडाल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
शुक्रवार की सुबह नगर के नई बस्ती स्थित कुम्हार टोली से पूजा समितियों के सदस्यों ने विभिन्न वाहनों से दुर्गा प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाया। वहीं, नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना के लिए देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। सुभाष पार्क के समीप स्थित प्राचीन मां काली मंदिर, जीटी रोड स्थित दुर्गा मंदिर और शीतला माता मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मंदिरों में माता के जयकारे गूंजते रहे। घंट-घड़ियाल और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।
पीडीडीयू नगर के गुरुद्वारा के समीप त्रिशुल क्लब में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा। संवाद
पीडीडीयू नगर के गुरुद्वारा के समीप त्रिशुल क्लब में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा। संवाद