शहाबगंज। भले ही किसानों से लक्ष्य के अनुरूप गेहूं खरीद का दावा किया जा रहा है लेकिन अभी भी किसान गेहूं बेचने के लिए भटक रहे हैं। वहीं प्रशासनिक लापरवाही की वजह से क्रय केंद्रों पर खुले में रखे गेहूं भीग कर खराब हो रहे हैं। सेमरा स्थित विपणन केंद्र पर सौ कुंतल से अधिक गेहूं सड़ गया। सेमरा विपणन शाखा पर बने क्रय केंद्र पर 22 जून तक 22 हजार कुंतल गेहूं की खरीद की गई है। शाखा के अधिकारियों के अनुसार सौ प्रतिशत किसानों से गेहूं की खरीद की जा चुकी है। अब ऐसे में खुले में रखा गेहूं किसका है, इस बारे में कोई बोलने को तैयार नहीं है। ट्रैक्टर पर पचास कुंतल गेहूं लेकर पहुंचे बुढमाव गांव के किसान बच्चू लाल यादव ने कहा कि उन्हें 18 मई को गेहूं बेचने के लिए टोकन मिला था। बावजूद इसके आज तक गेहूं नहीं खरीदा गया। इसी तरह करनौल निवासी राजनाथ सिंह ने कहा कि तीस मई को उन्हें तीस कुंतल गेहूं बेचने के लिए टोकन मिला लेकिन आज तक गेहूं खरीद नहीं हुई। वहीं केंद्र के बाहर खुले में रखा सौ कुंतल से अधिक गेहूं भीग कर सड़ गया है। इस संबध में आपूर्ति निरीक्षक और केंद्र प्रभारी प्रियंका पांडेय ने कहा कि सभी किसानों से लक्ष्य के अनुरूप गेहूं खरीद की गई है।