चकिया। बिजली उपभोक्ताओं के लिए रविवार को एक मुश्त समाधान योजना की शुरूआत हुई। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार चकिया बिजली उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने व्यवस्था देखने के साथ रोज सौ उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
चकिया उपकेंद्र पर पहले दिन 23 उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिससे 1.32 लाख रुपये बकाया बिल की वसूली की गई। वहीं, 15 लाख रुपए बकाया वाले 22 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। प्रबंध निदेशक शंभू कुमार, अधीक्षण अभियंता मनोज अग्रवाल, अधिशासी अभियंता प्रथम अरविंद कुमार यादव के साथ उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने उपखंड अधिकारी संतोष कुमार, अवर अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा से शिविर के कार्यान्वयन की जानकारी ली। प्रबंध निदेशक ने कहा कि एक मुश्त समाधान योजना से बड़े बकायेदारों के साथ अन्य उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। वहीं, एसई मनोज अग्रवाल और एक्सईएन अरविंद कुमार ने सैदुपुर क्षेत्र के बसाढ़ी गांव में आयोजित कैंप की समीक्षा की। इस मौके पर अनिल यादव, बृजेश सिंह, लालता प्रसाद, विजय कुमार, मनोज कुमार, संतोष भारती, रामदुलार शर्मा आदि उपस्थित रहे।