करीब एक घंटे तक हवा के साथ बारिश होने से अधिकतम तापमान मंगलवार की अपेक्षा दो डिग्री सेल्सियस गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इस दौरान ठंडी हवा चलने से मौसम सुहाना बना रहा। रात में आंधी आने के साथ ही पूरी रात और बृहस्पतिवार की दोपहर तक बिजली आती-जाती रही।
आंधी-बारिश का सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को उठाना पड़ा, जिनके घरों में वैवाहिक आयोजन थे। आंधी के कारण खाने-पीने की वस्तुओं में धूल भर गई, इससे खाना बर्बाद हो गया। गर्मी के मौसम में ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा शादियां होती हैं, क्योकि खेत-खलिहान खाली रहते हैं। गांवों में हवा की गति ज्यादा होने से कई स्थानों पर टेंट उड़ गए। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
गुरुवार की सुबह चल रही हवा 10 बजे के आसपास रुक गई। धूप तेज होने के कारण अधिकतम तापमान 37 से चार डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री सेल्सियस बढ़कर 29 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 10 मई तक जिले में लू चलने के आसार नहीं हैं, हालांकि तापमान में क्रमिक वृद्धि हो सकती है।