पीडीडीयू नगर। कोविड मरीजों के इलाज के दौरान मनमाना पैसा वसूलने वाले प्राइवेट अस्पतालों पर अब एफआईआर होगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम इसकी जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर अस्पतालों को नोटिस भेजने के साथ एफआईआर भी किया जाएगा। इस संदर्भ का निर्देश प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर दिया है।
कोरोना संक्रमण के दौरान प्राइवेट अस्पतालाें की मनमानी की बहुत सारी घटनाएं सामने आईं। संक्रमित मरीजों के परिजनों से उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर दो से चार गुना पैसा वसूला गया। ऐसी शिकायतें अब भी लगातार मिल रही हैं कि प्राइवेट अस्पताल मरीजों को इलाज के नाम पर लूट रहे हैं। ऐसे हॉस्पिटलों पर लगाम के लिए प्रदेश सरकार ने आदेश जारी किए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी का आदेश जिलाधिकारी के पास आया है। आदेश में साफ किया गया है कि जो भी प्राइवेट अस्पताल ओवर बिलिंग करेंगे, निर्धारित शुल्क से ज्यादा पैसे वसूलते पाए जाएंगे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ऐसे चिकित्सालयों की जांच में जुट गई है। दोषी पाए जाने पर ऐसे अस्पतालों पर एफआईआर भी कराया जाएगा।