धानापुर पुलिस के गिरफ्त में इंद्रजीत, ऑपरेशन से महिला की मौत की खबर के लिए, संवाद
धानापुर। क्षेत्र के इंद्रा हॉस्पिटल महराइया में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में धानापुर पुलिस ने शनिवार को अस्पताल के प्रबंधक इंद्रजीत प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चिकित्सक की गैरमौजूदगी में अस्पताल के प्रबंधक ने महिला का ऑपरेशन किया था। गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने से महिला की मौत होने का आरोप है।
लखईपुर गांव निवासी चंद्रबली बिंद ने अपनी बेटी सुमन को 18 अगस्त को इंद्रा हॉस्पिटल महराइया में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार, 19 अगस्त को सुमन का ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कट गई और किडनी को भी नुकसान पहुंचा। हालत बिगड़ने से रात में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने सीएमओ से मामले की शिकायत की थी। सीएमओ की जांच रिपोर्ट और मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर की गई थी।
पूछताछ में आरोपी ने कबूली सच्चाई
पुलिस ने शनिवार को सुबह इंद्रा हॉस्पिटल महराइया पहुंचकर आरोपी प्रबंधक इंद्रजीत प्रजापति को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि पूछताछ में इंद्रजीत ने बताया कि वह चिकित्सकों को बुलाकर मरीजों का इलाज कराता था। घटना वाले दिन चिकित्सक अस्पताल नहीं आए तो उसने स्वयं महिला का ऑपरेशन किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।