हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से कुछ समय के लिए धानापुर-चहनिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बस एवं चालक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है।
धनंजय निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में वृद्ध मां, पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे नरौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने तथा फरार बस चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं थम नहीं रही हैं।
थानाध्यक्ष त्रिवेणीलाल सेन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार बस चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।