हाईवे चौड़ीकरण के तहत शनिवार को मुख्यालय स्थित सर्विस रोड के किनारे बने मकानों पर बुलडोजर चलने के बाद रविवार को पूरे दिन सड़क पर फैला मलबा हटाया गया। इसके लिए प्रशासन की ओर से जेसीबी लगाई गई थी। वहीं गृह स्वामी और प्रतिष्ठान मालिक भी मजदूरों के साथ मलबा हटाने में लगे रहे। इस दौरान पुलिस भी तैनात रही।
हाईवे निर्माण के लिए प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने हेतु की गई कार्रवाई के बाद बाजार का नक्शा ही बदल गया है। सर्विस रोड के किनारे स्थित बने निर्माण जमींदोज हो चुके हैं। रविवार को इनके मालिक मलबे में से जरूरी चीजें एकत्रित करने में लगे रहे। लोहे के सामान खासकर सरिया आदि के लिए मजदूरों के साथ खुद भी मलबों को हटाते रहे। शनिवार की शाम जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने मौके का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क पर बिखरा मलबा हटवा कर बिजली व्यवस्था को भी तत्काल दुरुस्त कराएं। डीएम के निर्देश के बाद प्रशासन की ओर से मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई थी।
वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी ध्वस्त विद्युत पोलों और हाइटेंशन तारों को ठीक करते रहे। इस प्रक्रिया के चलते सर्विस रोड पर पूरे दिन आवागमन बाधित रहा।
व्यापारियों से मिले पूर्व प्रमुख
चंदौली। मुख्यालय पर अतिक्रमण की जद में आए व्यापारियों से सपा नेता और पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन से मांग किया कि बाजार से गुजरने वाले हाईवे का निर्माण पिलर पर हो, ताकि उसके नीचे पटरी व्यवसायी और छोटे व्यापारी अपना रोजगार स्थापित कर सकें। कहा कि व्यापारियों के संकट की इस घड़ी में सपा उनके साथ है। इस दौरान राजू पांडेय, अमित सिंह, आशुतोष यादव, लक्ष्मी अग्रहरि, सोमारू, अर्जुन, शराफत अली आदि रहे।