क्षेत्र के अदसड़ स्थित कंपोजिट विद्यालय में सोमवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी थीं। उनकी प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया था। समारोह में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. जयकुमार सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है। साथ ही उनमें देशभक्ति, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना विकसित होती है। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद, अर्चना पांडेय, सत्यप्रकाश सिंह, सतीश कुमार, सत्येंद्र यादव, ऊषा, अंजनी, शिवम आदि मौजूद रहे।