पड़ाव। क्षेत्र में शनिवार की सुबह से लेकर शाम तक भीषण जाम लगा रहा। पांच घंटे तक लगे जाम में कई किमी तक वाहनों की कतार लगी रही। घंटों तक लोग एक ही जगह पर तीखी धूप में खड़े रहे। वहीं पुलिस की भी जाम छुड़ाने में पसीने छूट गए। रामनगर डाक पुलिया के नीचे सुबह एक बड़े वाहन के खराब होने से जाम लगना शुरू हुआ। कुछ ही देर में चौराहे से लेकर कई किमी तक सड़क पर वाहनों की लंगी कतार लग गई। शाम तीन बजे के बाद जाम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली। रामनगर डाक पुलिया के नीचे शनिवार की सुबह करीब दस बजे एक बड़ा वाहन खराब हो गया। जिसके चलते मार्ग पूरी तरह अवरूद्ध हो गया। धीरे-धीरे जाम लगना शुरू हुआ और मात्र एक घंटे के अंदर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पड़ाव से रामनगर चौराहा, राजघाट और पीडीडीयू नगर तक भीषण जाम लग गया। आलम यह रहा कि तीखी धूप में कई घंटों तक लोग एक ही जगह पर खड़े रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों और महिलाओं को हुई। लोगों को लगा कि जाम एक दो घंटे में खुल जाएगा पर देखते देखते तीन घंटे से ज्यादा होने लगे। लोग पसीने से तरबतर हो गए। श्रमजीवी एक्सप्रेस, पुरूषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, सिंकदराबाद-पटना एक्सप्रेस सहित गया और पटना पैसेंजर पकड़ने के लिए वाराणसी से पीडीडीयू जंक्शन जा रहे कई लोगों की जाम की वजह से ट्रेने भी छूट गईं।सूचना पर पहुंची पुलिस जाम छुड़ाने की कोशिश करती रही। कड़ी मशक्कत के बाद शाम तीन बजे शाम समाप्त खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।