चंदौली के बिछियां स्थित धरनास्थल पर धरनारत कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य की जांच करते स्वास्थ्यकर?
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। सैयदराजा थाना के मनराजपुर में पुलिस रेड के दौरान कन्हैया यादव की पुत्री निशा यादव की मौत की घटना की निष्पक्ष जांच व मृतका और उसके परिवारवालों को न्याय दिलाने के लिए राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का अनशन मंगलवार को बिछियां स्थित धरनास्थल पर जारी रहा। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने 50 घंटे से अधिक समय से अनशनरत कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य की जांच की। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन पर मामले में लीपापोती का आरोप लगाया। साथ ही परिवार के लिए न्याय की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। मामले में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के तीन सदस्य 50 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें इंकलाबी नौजवान सभा के जिला सचिव ठाकुर प्रसाद, अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सहसचिव संजय यादव व भारतीय किसान यूनियन (अ.) के तहसील अध्यक्ष छोटेलाल चौहान शामिल हैं। आंदोलनकारी आरोपी इंस्पेक्टर उदय प्रताप की गिरफ्तारी, मृतका के पिता पर लगाए गए गुंडा एक्ट की कार्रवाई को वापस लेने, घटना की न्यायिक अथवा सीबीआई से जांच कराने, पीड़ित परिवार को मुआवजा व परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शासन आरोपित पुलिसवालों को बचाने के लिए सीबीसीआईडी से जांच कराने में लगा है। इससे कुछ भी स्पष्ट नहीं होगा। मंगलवार को चिकित्सक डा. दिवेश कुमार पांडेय, टेक्नीशियन मो. इमरान खान ने अनशन कर रहे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। निशा कांड को लेकर भीम आर्मी व आजाद पार्टी की ओर से मुख्यालय पर मंगलवार को भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की और महाराजपुर के पीड़ित मृतका के पिता कन्हैया को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की। कहा कि शासन-प्रशासन पीड़िता को न्याय दिलाने में दिलचस्पी नहीं ले रहा है। इससे पीड़ित को न्याय मिलने में देर हो रही है। शैलेश कुमार ने कहा कि 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं करना यह दर्शाता है कि कहीं न कहीं पुलिस प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है। पूरे घटनाक्रम में लीपापोती की जा रही है। इसे किसी भी सूरत में भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे।