मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत मलोखर गांव के समीप शुक्रवार को दोपहर में 12 बजे नीचे लटके हाईटेंशन तार की चपेट में आकर शकूराबाद निवासी जफरान (45) की मौत हो गई। इस घटना से नाराज लोगों ने शव को पुलिस को उठाने नहीं दिया। शाम चार बजे पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ ने परिवार वालों को मुुआवजा राशि का चेक सौंपा और तार को ऊंचा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया।
शकूराबाद निवासी जाफरान शुक्रवार को बाजार से सामान लेकर 12 बजे घर लौट रहा था। वह मलोखर गांव के समीप पहुंचा ही था कि लटकते तार की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर आनन फानन में लाइन काटी गई। मौके पर एकत्र ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण डीएम और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने, तार को ऊंचा कराने और मृतक के परिवार वालों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। इस बीच मुगलसराय कोतवाली के अलावा अलीनगर थाने की पुलिस के साथ एक बटालियन पीएसी की तैनाती की गई। शाम चार बजे मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ प्रशांत कुमार ने जिलाधिकारी से वार्ता के बाद मृतक की पत्नी को बीस हजार रुपये का चेक दिया तथा 1लाख 80 हजार रुपये के मुआवजा के रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया। तार को ऊंचा कराने के लिए चार पोल मंगवा कर काम शुरू कराया। इस दौरान पूर्व प्रमुख मुलायम सिंह, लल्लू पहलवान, बद्रीनरायन, औसाफ अहमद, नफीस अहमद, जीएस सिद्दीकी, महेन्द्र यादव, अयूब खां गुड्डूूू आदि रहे।