अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधना मोड़ के समीप बबुरी मुगलसराय मार्ग स्थित एक पेड़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की भोर में वृद्ध का शव लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
रोज की भांति शनिवार की भोर में गोधना मोड़ के समीप कुछ ग्रामीण टहल रहे थे। उसी दौरान उनकी नजर बबुरी मुगलसराय मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ पर गयी जिस पर रस्सी से कुछ लटकता हुआ प्रतीत हुुआ। जिज्ञासा वश कुछ ग्रामीण पेड़ के समीप गये तो एक वृद्ध का लटका हुआ शव देख उनके होश उड़ गये। पेड़ से शव के लटके होने की बात जंगल की आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गयी।
इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले घटना स्थल के इर्द गिर्द मुआयना किया और बाद में ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतार लिया और अपने साथ थाने ले आयी। इस संबंध में थाना प्रभारी हरे राम मौर्य ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाया कि यह आत्महत्या है या फिर किसी ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया है।
वहीं गोधना मोड़ के समीप पेड़ से वृद्ध का शव मिलने के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया जाना प्रतीत हो रहा है। लोगों के मुताबिक शव पेड़ पर मोटी रस्सी से लटक रहा था जबकि एक ओर पतली रस्सी पेड़ से लटक रही थी। वहीं शव के घुटने जमीन पर पूरी तरह सटे हुए थे साथ ही कुर्ते पर खून के छींटे भी पड़े हुए थे। सवाल यह है कि जब पेड़ पर लटककर फांसी ही लगायी गयी होती तो व्यक्ति के घुटने जमीन पर सटे होते।