कंदवा के मचवा प्राथमिक विद्यालय में खराब पड़ा हैंडपंप।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। जिले के बेसिक स्कूलों में कायाकल्प योजना से काफी सुधार हुआ है मगर अभी ऐसे कई विद्यालय है जहां नौनिहालों के लिए पीने के पानी के लिए मुकम्मल इंतजाम नहीं है। गर्मी की शुरूआत में ही कई स्कूलों के हैंडपंप जवाब दे चुके हैं लेकिन वहां पानी की सुविधाएं नहीं है। इसके लिए नौनिहालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिले में लगभग 1002 प्राथमिक और तकरीबन 510 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। मिशन कायाकल्प योजना के तहत अधिकतर स्कूलों को रंग रोगन कर सजाया गया है। फर्श पर टाइल्स और दीवारों पर शिक्षापरक चित्र बनाए गए हैं। ताकि बच्चों को स्कूल आने के प्रति आकर्षण बढ़े और रुचि पैदा हो। लेकिन स्कूलों में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। बरहनी ब्लाक में 136 हैँडपंपों में 25 हैंडपंप खराब हैं या फिर पीन के योग्य पानी नहीं आ रहा है। इसी ब्लाक के मचवा में परिसर स्थित हैँडपंप खराब है। यहां बच्चों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। वहीं नियामीताबाद ब्लाक में 129 स्कूलों के परिसर में 26 हैंडपंप खराब हैं। लेकिन इसे अब तक नहीं बनाया गया । इसी तरह कई ऐसे विद्यालय हैं जहां हैँडपंप शोपीस बने हुए हैँ। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि जिले के सभी विद्यालयों में खराब हैंडपंपों की सूची खंड शिक्षा अधिकारी से मांगी गई है जहां भी हैंडपंप खराब हैं, उन्हें जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा। ताकि गर्मी के दिनों में बच्चों को परेशानी न उठानी पड़े।