पीडीडीयू नगर। परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होंगी। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दी गई है। परीक्षा 21 नवंबर तक पांच दिनों तक दो पालियों में कराई जाएगी।
जिले के 1185 विद्यालयों में यह परीक्षा कराई जाएगी। इसमें लगभग एक लाख 70 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 2.30 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा का पूर्ण उत्तर दायित्व विद्यालय स्तर पर संबंधित प्रधानाध्यापक, विकास खंड स्तर पर खंड शिक्षाधिकारी का होगा। परीक्षा व मूल्यांकन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित अधिकारी व कर्मचारी जिम्मेदार होंगे।
कक्षा एक के छात्र-छात्राओं की परीक्षा लिखित नहीं, बल्कि मौखिक कराई जाएगी। कक्षा दो से पांचवीं तक की परीक्षा लिखित व मौखिक होगी। दो व तीन में लिखित व मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 प्रतिशत व कक्षा चार व कक्षा पांच में लिखित व मौखिक परीक्षा का अधिभार क्रमशः 70 प्रतिशत और 30 प्रतिशत रखा गया है। इसी तरह कक्षा से छह से आठ तक की परीक्षा पूरी तरह से लिखित होगी। परीक्षाएं 50 अंकों की होगी जिसमें बहुविकल्पीय प्रश्न, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे।