पारा लगातार गिरता जा रहा है। इसकी वजह से गलन बढ़ गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 तो न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। धूप नहीं निकलने से लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते रहे। स्कूलों के बंद रहने से बच्चों को राहत रही। अलाव न जलाए जाने से कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन भी किया।
जिले में ठंड और शीत लहर का असर बढ़ता जा रहा है। इससे लोगों की दिनचर्या में बदलाव आ गया है। दो दिनों से सूर्य के दर्शन नहीं ह़ुए। ठंड तो लगातार बढ़ रही है लेकिन अलाव जलाने की प्रशासनिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। इसे लेकर कई जगहों पर लोग प्रदर्शन भी कर रहे हैं। सकलडीहा संवाददाता के शुक्रवार को सकलडीहा कस्बा में अलाव नहीं जलाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। एसडीएम जितेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि तहसील के 21 चिन्हित स्थानों पर अलाव न जलने पर सम्बन्धित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इस मौके पर मुकेश नंदन, संजय सिंह, सियाराम, शम्भू, अभय, नरेश खरवार, रामप्रवेश, मुन्नर अली, मुन्ना राजभर, अविनाश, सतेन्द्र, पांचू, राजनाथ, शिवपूजन, गुडडू, रामविलास आदि ग्रामीण मौजूद रहे। चहनियां और टांडाकला सवांददाता के अनुसार क्षेत्र के मारूफपुर चौराहे पर कड़ाके ठंड के बाद भी अलाव न जलाए जाने से नाराज होकर प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। कहा कि यदि शीघ्र ही अलाव की व्यवस्था नहीं की गई तो ब्लाक पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कमलेश यादव, बबलू यादव, सक्कू मिस्त्री, नंद कुमार शर्मा, गुड्डू मौर्य, रामकुंअर मौर्य, मन्ना यादव, पारस यादव, चंदन गोंड, मनीष, शिवशंकर, राम आशीष आदि रहे। शहाबगंज और इलिया संवाददाता के अनुसार ठंड से सर्वाधिक दिक्कत बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। गरम कपड़े पहनने के बाद भी कंपकंपी छूट रही है। कोल्ड फ्लू के चपेट मे आकर लोग अस्पताल मे पहुच रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. ज्ञान प्रकाश ने कहा कि इस समय ठण्ड मे बच्चों व बुजुर्ग लोगों को गर्म पानी का सेवन करने के साथ गर्म कपडों का प्रयोग करें। सुबह के समय टहलने से बचें। कमालपुर में बढ़ती ठंड को देखते हुए लेखपाल रामदुलार राम ने सभी चिन्हित स्थानों पर अलाव जलवाया। उधर, नगर में कोयले की खपत बढ़ गई है। प्रतिदिन औसत रूप से 25 कुंतल से अधिक कोयले की खपत बढ़ गई है। आम दिनों में जो कोयला 12 रुपये प्रति किलो बिक रहा था अब वह 15 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।