पीडीडीयू नगर। बबुरी थाने के दूदे गांव के पास पीडीडीयू नगर-चकिया रोड पर रविवार की सुबह तेज रफ्तार पिकअप ऑटो रिक्शा में टकरा गई। इस घटना में ऑटो सवार किशोर की मौत हो गई। रविवार को किशोर की दादी की तेरहवीं थी। वह अपने ऑटो चालक भाई के साथ पीडीडीयू नगर से अपनी बहन और उसके श्वसुर को ऑटो से गांव ले जा रहा था। पिकअप से टक्कर के बाद उसके एक भाई, महिला और ससुर घायल हो गए। घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
शहाबगंज थाने के अमांव गांव निवासी संजय गुप्ता का बेटा सागर गुप्ता ऑटो चलाता है। रविवार को उसकी दादी की तेरहवीं थी। उसकी बहन रेखा गुप्ता अपने ससुर के साथ मायके आ रही थी। सागर ऑटो लेकर अपने भाई राजन गुप्ता (15) के साथ रविवार को पीडीडीयू जंक्शन आया था। वह बहन, बहन के ससुर, छोटे भाई को बैठाकर अमाव के लिए चला। सुबह साढ़े पांच बजे ऑटो पीडीडीयू नगर-चकिया मार्ग पर बबुरी के दूदे छलका के पास सामने से तेज रफ्तार आलू लादकर आ रही पिकअप बेकाबू हो गई और दूसरे लेन में आकर ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो तीन बार पलटते हुए सड़क के किनारे पहुंच गया। इस घटना में राजन गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चला रहे सागर, उसकी बहन रेखा और ससुर जख्मी हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से भागने लगा। हालांकि लोगों ने उसे पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। राजन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में बबुरी थानाध्यक्ष मुकेश तिवारी का कहना है कि पिकअप चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।