सैयदराजा। मुख्य बाजार में नए ओवरब्रिज 72 बी के नीचे डीएफसीसी लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से महिला और पांच महीने के नाती की मौत हो गई। महिला अपने बीमार नाती का इलाज कराकर सैयदराजा बाजार से घर लौट रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औरैया गांव निवासी सीता देवी (45) अपने पांच महीने के नाती सौरभ को लेकर सैयदराजा बाजार में डॉक्टर के पास इलाज कराने आई थी। सुबह नौ बजे घर लौटते समय वह रेलवे ट्रैक पार करने लगी। इसी बीच चंदौली की तरफ से मालगाड़ी आ गई, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर मौत हो गई और मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, करीब 45 मिनट तक महिला का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। इसके बाद पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सौरभ की मां आरती की शादी बिहार के करमापुर थाना चांद निवासी चंदन पासवान से हुई थी। पिछले दिनों वह मायके आई थी। मासूम बेटे की मौत की खबर सुनकर वह रोते-बिलखते बेहोश हो जा रही थी। सैयदराजा थानाध्यक्ष सत्य नारायण मिश्र ने बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला और बच्चे की मौत हुई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।