चकिया। विमुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को पर्वतपुर स्थित एक निजी लॉन में विमुक्ति जाति सम्मेलन आयोजित किया गया।
इसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार और विधायक कैलाश आचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार ने आयोग का गठन कर विमुक्त समाज को सम्मान देने और मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। समाज के विकास और उत्थान के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि 76 वर्ष की उम्र में भी वह गरीबों की खुशहाली के लिए 18 घंटे कार्य कर रहे हैं।
पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। लोगों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा, सड़क, गांवों के विकास, प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
सम्मेलन में रामपुर कला के प्रधान डॉ. केशव मूर्ति पटेल, मैनपुर के प्रधान ज्ञान प्रकाश गुप्ता, सिकंदरपुर के प्रधान सत्य प्रकाश गुप्ता, परासिया के प्रधान अरविंद पटेल, अपना दल एस की जिलाध्यक्ष संजू पटेल, विजय पटेल, कुर्तियां के प्रधान राजेश पटेल सहित अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।
ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, संतोष गुप्ता, सिंहासन सिंह, रोहित सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता सहदेव बियार और संचालन दिलीप ने किया।