फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: बाबा कीनाराम से अब सीधे जुड़ेगा गोरखनाथ धाम

विज्ञापन
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। अघोराचार्य बाबा कीनाराम की जन्मस्थली चंदौली और बाबा गोरखनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर बस सेवा से सीधे तौर पर जुड़ जाएंगे। परिवहन निगम पहली बार चंदौली से गोरखपुर तक की बस सेवा शुरू करने जा रहा है। कीनाराम की जन्मस्थली धानापुर से बलुआ के रास्ते वाराणसी होते हुए 52 सीटर बस गोरखपुर पहुंचेगी। बस का ठहराव भी धानापुर में ही होगा। इसकी पूरी योजना और रोड मैप तैयार हो चुका है। एक सप्ताह के अंदर यह सेवा शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन

प्रदेश का आकांक्षात्मक जिला चंदौली अन्य सुविधाओं के साथ-साथ परिवहन सुविधाओं में भी काफी पिछड़ा हुआ है। जिले में स्थायी बस स्टैंड न होने की वजह से चंदौली डिपो का संचालन वाराणसी के गोलगड्डा से होता है। चंदौली के लोगों को महानगरों में जाने के लिए पहले वाराणसी जाना पड़ता है फिर वहां से बसें मिलती हैं। जिले से अभी तक केवल लखनऊ के लिए राजधानी बसें ही चल रही हैं। इसी बीच परिवहन निगम ने बड़ी खुशखबरी दी है। राज्य परिवहन निगम एक बड़ी 52 सीटर बस को चंदौली के धानापुर से गोरखपुर के लिए चलाएगा। इसका पूरा रोडमैप तैयार हो गया है। एक सप्ताह के अंदर इस बस सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा। चंदौली से गोरखपुर की दूरी करीब 223 किलोमीटर है। परिवहन निगम की बस सेवा शुरू होने से लोगों को वाराणसी नहीं जाना पड़ेगा। धानापुर से सीधे वे गोरखपुर पहुंच जाएंगे। परिवहन निगम की बस वाराणसी के पंचकोशी से होकर बलुआ पुल होते हुए धानापुर पहुंचेगी। फिर धानापुर से उसी रास्ते वाराणसी होते हुए गोरखपुर जाएगी। वहीं सुखद यह है कि यह बस रात को धानापुर में ही रूकेगी। इसका किराया और समय सारणी भी जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा।

इनसेट-
सीएम योगी ने दो साल पहले दे दिए थे संकेत

पीडीडीयू नगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 दिसंबर 2023 को धानापुर विकासखंड स्थित बाबा कीनाराम आश्रय,रामगढ़ में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया था। इस दौरान जन संबोधन में उन्होने बाबा कीनाराम और गोरखनाथ धाम से बेहद गहरे जुड़ाव और प्रेम का जिक्र किया था। इस दौरान गोरक्ष पीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ उस विशाल वटवृक्ष के नीचे बैठना नहीं भूले जिसके नीचे 400 साल पहले बाबा कीनाराम तपस्या करते थे। सीएम अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम के साथ पांच मिनट के लिए वहीं बैठे। दोनों विपरीत विचारधारा वाले पंथों के पीठाधीश्वरों के एक साथ बैठकर चर्चा करने के कई निहितार्थ निकाले गए। सीएम ने यह भी कहा था कि दोनो आश्रम काफी करीब हैं। जिसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि बलुआ से गोरखपुर तक कोई न कोई सुविधा सीधे तौर पर जुड़ेगी। परिवहन निगम की घोषणा के बाद यह स्पष्ट हो गया। अब भक्तगण बाबा कीनाराम का दर्शन करने के साथ ही गोरखनाथ धाम भी सीधे पहुंच सकेंगे।संवाद
विज्ञापन

-
कोट-
चंदौली के धानापुर से गोरखपुर के लिए एक सप्ताह के अंदर परिवहन निगम की बस सेवा शुरू हो जाएगी। इसका पूरा रोड मैप तैयार किया जा चुका है। काफी समय से इस रूट पर बस चलाने की मांग थी। जिसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। समय और किराये की भी घोषण जल्द ही की जाएगी।-उमाशंकर त्रिपाठी, एआरएम, चंदौली
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें