पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे के पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के गुड्स शेड्स का विकास और निर्माण निजी भागीदारी के सहयोग से होगा। इसके लिए संचालित सोननगर, मानपुर, जपला, कोशिआरा को विकसित करने और इस्माइलपुर में नया गुड्स शेड विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया। इसके लिए शुक्रवार को डीआरएम राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न इलाकों के व्यापारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर चर्चा की गई।
डीआरएम राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर निजी भागीदारी के माध्यम से नए गुड्स शेड की सुविधाओं की स्थापना की जाएगी। वहीं मौजूदा गुड्स शेडों को विकसित करके टर्मिनल क्षमता के साथ रेल राजस्व को बढ़ाया जाएगा। गुड्स शेडों के विकास को लेकर गंभीरता बरती जा रही है। कहा कि इस प्री बिड मीटिंग का आयोजन किया गया है। व्यापाररियों की आशंकाओं तथा सुझावों को प्राप्त कर उन पर मंथन करते हुए उनका सदुपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिह्नित गुड्स शेडों के विकास को लेकर इच्छुक व्यापारी बंधुओं की ओर से किसी भी सुझाव का स्वागत किया जाएगा। इसके पहले वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रुपेश कुमार ने मानक निविदा पत्र प्रारूप दिखाकर मीटिंग से जुड़े सभी व्यापारियों को निविदा की प्रक्रिया, आवश्यक योग्यता, अनुभव, जरूरी दस्तावेज, निवेश क्षमता, विकसित की जाने वाली सुविधाओं, अनुमानित राजस्व प्राप्ति, सेवा की शर्तें, अधिकार, उत्तरदायित्व, भुगतान प्रकिया, अतरिक्त राजस्व प्राप्ति के साधन आदि बिंदुओं पर विस्तार से बताया गया। इस मौके पर व्यापारियों की किसी आशंका पर उसका निराकरण किया गया। मीटिंग में अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार रोशन, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक श्री सुधांशु रंजन, मंडल वाणिज्य प्रबंधक मोहम्मद इकबाल रहे।