धीना के महुजी में लगी अगलगी से जला सामान। संवाद
- फोटो : खैराबाद में गिराया गया अतिक्रमण
धीना। धानापुर विकास खंड के महुजी गांव स्थित पश्चिम पूरा बिंद बस्ती में मंगलवार देर रात निरंजन बिंद की झोपड़ी में कूड़े की चिंगारी से आग लग गई। इससे उसमें रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। निरंजन बिंद ने बताया कि वह परिवार के साथ मंगलवार की रात भोजन करने के बाद ठंड से बचने के लिए रजाई ओढ़कर सो गए थे। इसी दौरान आग तापने के लिए घर में जलाए गए कूड़े की चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, तब तक झोपड़ी आग की चपेट में आ चुकी थी।
आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक झोपड़ी में रखा घर-गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना के बाद ग्रामीण धंन्नू सिंह, टिंकल, आनंद सहित अन्य लोगों ने तहसील प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री दिलाने की मांग की है।