नौगढ़। नरकटी गांव के समीप जंगल में सोमवार को बकरी चरा रहे चरवाहे पर भालुओं ने हमला कर दिया। चरवाहा बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसके हाथ, पैर व चेहरे गंभीर चोटें आ गई। ग्रामीणों ने उनको सीएचसी नौगढ़ पर भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया नरकटी गांव निवासी रामकेर कोल (62) सोमवार को दिन में करीब 12 बजे घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर जंगली इलाके में बकरी चरा रहे थे। अचानक झाड़ियों में से तीन भालू निकले और रामकेर पर हमला बोल दिया। उन्हें नोच कर बुरी तरह घायल कर दिया। उनके मुंह तथा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आ गईं। रामकेर के चीखने की आवाज सुनकर जंगल में मौजूद दूसरे चरवाहे लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी लेकर दौड़े। तो भालू उन्हें छोड़कर भागे। घायल रामकेर को सीएचसी नौगढ़ ले जाया गया। डाक्टरों ने अत्यधिक रक्तस्राव से रामकेर की बिगड़ी हालत को देख बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। डॉ सुनील सिंह ने बताया कि भालू के हमले में रामकेर के शरीर में कई जगहों पर गहरे जख्म हो गए हैं।