पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एलसी त्रिवेदी ने बृहस्पतिवार को बाकले खेल मैदान में खिलाड़ियों के लिए बने ड्रेसिंग रूम का लोकार्पण किया। यात्री सुविधाओं के विकास का जायजा लेने आए जीएम ने डीआरएम कार्यालय सभागार में बैठक के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग से लोकार्पण किया। उन्होंने गया में बने रेलवे क्वार्टर और दिल्ली में लोधी रोड पर बने रेलवे रेस्ट हाउस का भी उद्घाटन किया। जीएम ने बाद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पहुंच कर यात्री सुविधाओं की स्थिति को देखा।
मध्य प्रदेश के इंदौर से वापस लौटते समय जीएम ने पीडीडीयू जंक्शन और रेल मंडल में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। सुबह से हो रही बारिश के कारण जीएम ने लोकार्पण के कार्यक्रम को बदल दिया। दोपहर में डीआरएम आफिस सभागार में मंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में प्रोजेक्टर से पीडीडीयू गया रेल रुट पर कर्मनाशा स्टेशन के समीप हाल ही में पुनर्निर्मित लघु रेल पुल का जायजा लिया। जीएम ने विभिन्न विकास कार्यों को समय से गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद वर्चुअल तरीके से रेल कर्मियों की सुविधा के लिए डीडीयू मंडल के रनिंग रूम से संबंधित ग्रॉस हैप्पीनेस इंडेक्स ऐप की शुरुआत की। वहीं बाकले ग्राउंड में पवेलियन और ड्रेसिंग रूम, गया सेटेशन के समीप नवनिर्मित स्टाफ क्वार्टर और दिल्ली में लोधी रोड स्थित रेलवे रेस्ट हाउस के द्वितीय तल का लोकार्पण किया। बाद में शाम के वक्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पहुंच कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय, अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार रोशन, अपर मंडल रेल प्रबंधक अतुल कुमार,वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रूपेश कुमार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र,सीनियर डीओएम गुड्स मोहम्मद इकबाल सहित अन्य अधिकारी रहे।