सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव शुक्रवार को डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी अंकुर अग्रवाल मुलाकात करके करंट से युवकों की मौत के मामले में मुआवजा देने की मांग की। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि विगत दिनों कटरिया के पास हुए हादसे में दो युवकों की विद्युत करेंट की चपेट में आने से मौत हो गयी। घटना से पीड़ित परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। घटना के कई दिन हो गए, लेकिन मुआवजे को लेकर बिजली विभाग व प्रशासन सुस्ती दिखा रहा है। इसी तरह नौगढ़ क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की करंट से मौत हो गयी है। इन परिवारों को तत्काल मुआवजा राशि दी जाए और जहां-जहां विद्युत व तार जर्जर हाल में है उसे दुरूस्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि चहनियां क्षेत्र में चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गयी है। पुलिस की शिथिलता के कारण चोर सक्रिय हैं और लोगों के मकान, दुकान, प्रतिष्ठान के साथ ही सरकारी स्कूलों व पंचायत भवनों को निशाना बनाकर सामान चुरा रहे हैं, जिससे समाज में भय व्याप्त है। अंत में उन्होंने मुगलसराय निवासी विकलांग सीमा देवी की कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला दिया। कहा कि इन्हें विकलांग पेंशन सरकार की ओर से मिलता है, लेकिन उससे परिवार का गुजारा नहीं हो पा रहा है। उक्त विकलांग महिला रोजगार की मांग को लेकर दर-दर भटक रही है। यदि जिला प्रशासन उसके रोजगार व नौकरी का प्रबंध कर दे तो उसकी आर्थिक स्थिति सुधर जाएगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर, नफीस अहमद, सुदामा यादव, अशोक त्रिपाठी, अजीत यादव बब्बू आदि उपस्थित रहे।