लंका थाना क्षेत्र के रविदास घाट पर बुधवार सुबह फल व सब्जी विक्रेता ने गंगा में कूदकर जान दे दी। एनडीआरएफ, जल पुलिस के गोताखोरों ने शव बरामद किया। पिता का आरोप है कि दुकान के पास एक लड़की की उसके बेटे से किसी बात को लेकर नोकझोंक हुई थी, आरोप है कि थाना प्रभारी के सामने ही लड़की ने उनके बेटे को दो थप्पड़ जड़े थे। आहत होकर बेटे ने गंगा में कूदकर जान दे दी। परिजनों ने शव रखकर विरोध प्रदर्शन भी किया।
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के परोरवा निवासी शारदा सोनकर लंका थाने में होमगार्ड हैं। उनका बेटा विशाल (22) अपनी बहन के नगवा में ससुराल में रहकर सब्जी व फल की दुकान लगाता था। सुबह साइकिल से स्कूल जा रही एक छात्रा और विशाल की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले थाना प्रभारी और हमराही मौके पर पहुंचे। दोनों में बातचीत हो रही थी कि लड़की ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। पिता का आरोप है कि आहत होकर वह रविदास घाट पहुंचा और गंगा में कूद गया। एनडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता शारदा की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के पास सीसी कैमरे खंगालने पर पता चला कि विशाल कुछ दिनों से लड़की को छेड़ रहा था। सुबह भी यही हुआ था। लड़की ने विरोध किया था। जांच की जा रही है।