अलीनगर क्षेत्र अंतर्गत बहबलपुर गांव के दलित बस्ती में चुनाव प्रचार के
दौरान हुई मारपीट की सूचना देने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई न होने से
नाराज होकर ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह अलीनगर थाने का घेराव किया।
काफी
संख्या में पहुंची महिलाओं ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष
ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन असंतुष्ट ग्रामीण एसपी से
शिकायत करने पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बहबलपुर गांव में प्रधान
पद का प्रत्याशी रात में चुनाव प्रचार कर रहा था। गांव के कुछ लोगों ने रात
में चुनाव प्रचार का विरोध किया। इससे नाराज आधा दर्जन प्रत्याशी समर्थकों
ने गांव के दुर्गा देवी (60), रामप्रताप (18) और संदीप (40) को लाठी डंडे
से पीट कर जख्मी कर दिया।
मारपीट से गांव में अफरा तफरी मच गई। इस बीच किसी
ने सौ नंबर पर डायल कर दिया, लेकिन पुलिस जब तक पहुंचती हमलावर वहां से
भाग निकले। पुलिस ने पूछताछ की लेकिन हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं
हुई।
इससे नाराज होकर दर्जनों ग्रामीण बुधवार की सुबह अलीनगर थाने पर पहुंच
गए।
अस्सी से नब्बे की संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से थाना परिसर में
अफरा तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस हमलावरों के खिलाफ
कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रत्याशी खुलेआम रात के समय प्रत्याशियों को
धमका रहे हैं और वोट के लिए प्रलोभन दे रहे हैं।
बावजूद इसके पुलिस
मूकदर्शक बनी हई। चेतावनी दी कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो
बड़ा आंदोलन किया जाएगा। करीब एक घंटे बाद थानाध्यक्ष विनोद यादव ने
ग्रामीणों की तहरीर लेकर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद
ग्रामीण एसपी से मिलने चले गए।