चंदौली/पीडीडीयू नगर/नियमताबाद। बाढ़ के बाद बारिश के कहर से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गुरुवार की आधी रात से लगातर हो रही बारिश आफत बन गई। शुक्रवार की सुबह जिले में नियामताबाद और सदर ब्लाक में कच्चा मकान ढहने और दीवार गिरने से महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बालिका घायल हो गई।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिवार को जिला प्रशासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। वहीं कंदवा और चकिया में तीन-तीन लोगों का कच्चा मकान ढह गया। दोनों जगह परिवार के लोगों ने बाहर भागकर जान बचाई और बाल-बाल बच गए लोग। वहीं चकिया-अहरौरा मार्ग पर सुबह आठ बजे पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। करीब ढाई घंटे बाद पेड़ हटाने पर यातायात सामान्य हो सका।
नियामताबाद ब्लाक के अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव निवासी मुनेसरा देवी (70) पत्नी स्व बल्ली पाल का तीन बेटे हैं। मुनेसरा देवी अपने दो पुत्रों मुरारी पाल (50) व राधे पाल (45) के साथ अपने कच्चे मकान से सटी झोपड़ी में सो रही थी। जबकि एक बेटा मोहन पाल अपने परिवार के साथ वाराणसी में आटो चालक है। गुरुवार से हो रही बारिश के कारण शुक्रवार की अलसुबह करीब चार बजे मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। जिसमें तीनों दब गए।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर पास के कमरे में सो रहे उनके परिजन भी चीखते दौड़े। चीखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। ग्रामीण सभी को मलबे से बाहर निकालकर पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीण परिजनों को आवास व मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे पीडीडीयू नगर एसडीएम कुमार हर्ष के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
एसडीएम ने कहा कि सीएम की घोषणा के बाद मृतक के परिवारों को सहायता राशि मुहैया कराई जा रही है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैयदराजा थाना क्षेत्र के हलुवा गांव में अतिवृष्टि के चलते उमेश कुमार के मकान की दीवार अचानक गिर गई। इसमें उमेश की बेटी डिंपल (11)की दबने से मृत्यु हो गई है। वहीं रिश्तेदारी में आई हुई खुशबू पुत्री अशोक कुमार निवासी परेवा गंभीर रूप से घायल हो गई। चिकित्सकों ने उसे ट्रामा ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। सदर एसडीएम हीरालाल ने मौके पर पहुंच पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात की और आपदा कोष से चार लाख का अनुदान देने का आश्वासन दिया।
कंदवा संवाददता के अनुसार क्षेत्र के असना गांव क्षेत्र के असना गांव निवासी रिंटू विश्वकर्मा का खपरैल का मकान शुक्रवार की सुबह दस बजे अचानक भरभरा कर गिर गया ।बल्ली के चरचराने की आवाज सुनकर रिंटू ने घर के सभी लोगों को जल्दी से बाहर निकाला। घर के सभी लोग ज्योंही ही बाहर निकले अचानक पूरा मकान तेज आवाज के साथ धराशाई हो गया। जिससे उस में रखा घर गृहस्थी के सामान के साथ भूंसा, चारा मशीन भी दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरने की आवाज से आसपास के घरों के लोग भी दहशत से अपने अपने घरों से बाहर निकल गए।
वहीं शुक्रवार की दोपहर में हंसा साह का भी खपरैल का घर जमींदोज हो गया ।जिससे घर गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। ग्राम प्रधान यूनुस अंसारी व समाजसेवी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने जिला प्रशासन से पीड़ितों को अहेतुक सहायता दिए जाने की मांग की है। बरहनी विकास खण्ड के अरंगी गांव में अशराफी पांडेय का खपरैल का घर गिर गया।अइस दौरान घर वाले बल बाल बच गए। घर गिरने से घर गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया तो वहीं परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है । चकिया संवाददता के अनुसार मुहम्मद कबीर, दीनानाथ खरवार और प्यारेलाल गोंड का मकान बारिश के भरभराकर गिर पड़ा।